Tuesday, 16 October 2012


स्पीकर - रॉन गुटमैन
 
प्रोफाइल : रॉन चेहरे पर खिलने वाली मुस्कुराहट के आधार पर सटीक अनुमान लगाने के विशेषज्ञ माने जाते हैं।
TED पर इसे अब तक 13,09,261 लाख लोग सुन चुके हैं।
 
मैं हमेशा एक सुपर हीरो बनना चाहता था, लेकिन मुझे पता था कि इसके लिए अलौकिक शक्तियों की जरूरत पड़ेगी। जब मैं बड़ा हुआ तो सुपर हीरो की हकीकत को समझ सका। इसके बाद मैंने असली विज्ञान को जानने का निर्णय किया। मेरे सफर की शुरुआत कैलिफोर्निया में युसी बर्कले से हुई। तीस साल के इस अध्ययन में विद्यार्थियों की तस्वीरों को परखा गया। फोटो में दर्ज उनकी मुस्कान के आधार पर उनकी सफलता और सुख-समृद्धि को नापने की कोशिश की गई। हम सभी के अनुमान काफी सही रहे। 
 
इसके बाद मैं वायने स्टेट यूनिवर्सिटी की एक शोध परियोजना से जुड़ा। इसमें 1950 से पहले के बेसबॉल फोटो को देखा गया। हमने खिलाड़ियों की मुस्कान की चौड़ाई से उनकी उम्र का पूर्वानुमान लगाया। फोटो में जो खिलाड़ी मुस्कुरा नहीं रहे थे, वे औसतन 72.9 साल जिए। इसके उलट मुस्कुराते हुए खिलाड़ी औसतन लगभग 80 साल जिए।
 
आपको जानकर अच्छा लगेगा कि हम मुस्कुराते हुए पैदा होते हैं। 3डी अल्ट्रासाउंड तकनीक से हम अगर गर्भ में पल रहे बच्चे को देखें, तो जान जाएंगे कि वह भी मुस्कुरा रहा होता है। कह सकते हैं कि मुस्कुराहट सहज मानवीय अभिव्यक्ति है। मैं जानना चाहता हूं कि कितने लोग एक दिन में 20 बार से अधिक मुस्कुराते हैं? ईमानदारी से जवाब दें, तो हम पांच बार भी मन से नहीं मुस्कुराते हैं। ऐसे में अद्भुत मानवीय शक्ति के स्वामी तो बच्चे हैं, जो दिन में कम से कम 400 बार मुस्कुराते हैं।
 
स्वीडन में उपसाला यूनिवर्सिटी के अध्ययन में पाया गया कि मुस्कुराते हुए शख्स को देख उसपर त्योरियां चढ़ाना मुश्किल होता है। क्यों? क्योंकि मुस्कुराना एक संक्रामक रोग है, जो सामने वाले को भी मुस्कुराने पर मजबूर कर देता है। ‘द ओरिजिन ऑफ स्पीशीज’ में चाल्र्स डार्विन ने द फेशियल फीडबैक रिस्पांस थ्योरी का जिक्र किया है। उसके मुताबिक मुस्कुराने की क्रिया में हम बेहतर महसूस करते हैं। ब्रिटिश शोधकर्ताओं के मुताबिक मुस्कुराहट तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन कॉर्टिसोल, एड्रेनलीन और डोपामाइन का स्राव कम करती है।
 
तो जब भी आप तनाव कम करना चाहें या शादी-शुदा जीवन को बेहतर बनाना चाहें, तो बस मुस्कुराइए। आपकी और आपके आसपास के लोगों के स्वस्थ और लंबे जीवन के लिए यह सहज मुस्कान रामबाण साबित होगी।

No comments:

Post a Comment